पुरानी आदतें, नए औज़ार

2 अक्टूबर 2026·
Clément Godbarge
Clément Godbarge
· 3 मिनट पढ़ें
जैकार्ड करघे पर एक बुनकर, और छिद्रित कार्डों की वह लड़ी जो बुनावट का नमूना प्रोग्राम करती है। चित्र: IEEE Spectrum
post डिजिटल मानविकी

छापेखाने को अपनाने वाले आरंभिक आधुनिक काल के मानवतावादियों ने संस्करण को वह रूप दिया, जो आज तक क़ायम है: पाठ स्थापित किया जाता है, टाइप में बैठाया जाता है, एक बार छपता है, और अगर सुधार होता भी है तो बरसों बाद, अगले संस्करण में। कंप्यूटर हमारे पास आधी सदी से हैं, और हम अब भी डिजिटल संस्करण ऐसे बनाते हैं मानो वे छपी किताबें हों: पाठ पूरा करते हैं, एक झटके में प्रकाशित कर देते हैं, और शुद्धिपत्र बाद के लिए छोड़ देते हैं। औज़ार नए हैं, आदतें वही पुरानी।

Programming Historian en français के लिए लिखा मेरा नया पाठ, “L’édition critique en continu : publier au rythme de l’encodage (Partie 1)”, नए औज़ारों को उनकी ही बात पर परखता है। अगर TEI एनकोडिंग कोड है – और है ही – तो उसका भी किसी और कोड की तरह वर्ज़न-नियंत्रण, सत्यापन और रूपांतरण हो सकता है। सॉफ़्टवेयर डेवलपरों ने तैयार उत्पाद का इंतज़ार करना कब का छोड़ दिया है: हर बदलाव अपने-आप जाँचा जाता है, और जाँच में खरा उतरते ही जारी कर दिया जाता है। आलोचनात्मक संस्करण भी इसी ढंग से क्यों न चले? हर पत्र एनकोड होकर समीक्षा से गुज़रते ही प्रकाशित हो जाए, और जब भी कोई बेहतर पाठ सूझे, सबके सामने सुधार दिया जाए।

पहला भाग: बुनियादी पुर्ज़े

यह पहला भाग वे पुर्ज़े जुटाता है जो संपादक को विरासत में मिली कार्य-पद्धति से मुक्त करते हैं, और ये सब ओपन-सोर्स हैं:

  • ODD, वह अकेला दस्तावेज़ जिसमें परियोजना की एनकोडिंग का पूरा विनिर्देश दर्ज होता है;
  • उसी से बनाया गया RELAX NG स्कीमा, जो ढाँचे का पालन करवाता है;
  • Schematron नियम, जो वे संपादकीय शर्तें जोड़ते हैं जिन्हें स्कीमा व्यक्त नहीं कर सकता;
  • एक सत्यापन स्क्रिप्ट, जो एक ही कमांड में पूरे कॉर्पस की जाँच करती है और XSLT के ज़रिए पढ़ने लायक़ आउटपुट तैयार करती है।

उदाहरण Filippo Cavriana के पत्र-व्यवहार से लिए गए हैं – वही संस्करण, जिसे मैं इन्हीं सिद्धांतों पर बना रहा हूँ। दूसरा भाग वह पाइपलाइन जोड़ेगा जो इन पुर्ज़ों को एक सूत्र में पिरोती है, ताकि कॉर्पस में होने वाला हर बदलाव उसी क्षण सत्यापित और प्रकाशित हो जाए। यह पाठ मेरी किफ़ायती संपादन परियोजना का हिस्सा है, जो विद्वत्तापूर्ण संस्करणों की लागत घटाने के रास्ते तलाशती है। प्रकाशन को स्वचालित कर देना, ताकि संपादक को सिलसिले के आख़िरी छोर पर बैठे किसी विशेषज्ञ की राह न देखनी पड़े, सबसे बड़ी बचतों में से एक है।

हंगामा, इनकार या दिखावे भर का इस्तेमाल

कृत्रिम बुद्धिमत्ता के स्वागत में भी यही ढर्रा दिखता है: हंगामा, इनकार, या दिखावे भर का इस्तेमाल। डिजिटल मानविकी मुझे इसीलिए भी भाती है: बहुत कम क्षेत्र इस विरोधाभास को इतनी साफ़ तरह उजागर करते हैं। नए औज़ार इस बात का न्योता होने चाहिए कि हम बेहतर ढंग से काम करने के तरीक़ों पर फिर से सोचें, न कि पुराने ढर्रों पर रंग-रोगन की एक नई परत। यह पाठ आलोचनात्मक संपादन के क्षेत्र में यही न्योता स्वीकार करता है। दूसरे भाग की प्रतीक्षा कीजिए।

मैं अपने संपादकों, Daphné Mathelier और Matthias Gille Levenson, अपने समीक्षकों, Jasmin Macarios और Elsa Van Kote, और Anisa Hawes का आभारी हूँ।

यह पाठ ओपन एक्सेस में उपलब्ध है: programminghistorian.org/fr/lecons/edition-critique-continu-pt1 (DOI: 10.46430/phfr0044)।

Clément Godbarge
लेखक
डिजिटल मानविकी के प्राध्यापक
क्लेमां गोदबार्ज सेंट एंड्रूज़ विश्वविद्यालय में डिजिटल मानविकी के प्राध्यापक हैं। उनका शोध आरंभिक आधुनिक यूरोप में शासन के विज्ञान और कला पर केंद्रित है। अपनी आगामी पुस्तक में वे दिखाते हैं कि सोलहवीं सदी में फ़्रांस और इटली के राजदरबारों से जुड़े चिकित्सकों ने ख़ुद को एक नए ढंग के राजनीतिक विशेषज्ञ के रूप में कैसे प्रस्तुत किया। उनके शोध को एंड्रू डब्ल्यू. मेलन फ़ाउंडेशन, फ़ुलब्राइट आयोग, रेनेसाँस सोसाइटी ऑफ़ अमेरिका और हार्वर्ड विश्वविद्यालय का सहयोग मिला है।